सहारनपुर। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के चलते मंगलवार रात 12 बजे से दूसरे चरण का रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। इसमें मुख्य कांवड़ मार्ग पर वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। इसके साथ ही गागलहेड़ी, छुटमलपुर, भगवानपुर, रुड़की मार्ग पर भी वाहन बंद कर दिए गए हैं। आंबेडकर चौक से वाहन निकाले जा रहे हैं।
कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन मुस्तैद है। पुलिस-प्रशासन ने दूसरे चरण का रूट डायवर्जन मंगलवार रात 12 बजे से लागू कर दिया है, जो 11 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगा। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि दूसरे चरण के रूट डायवर्जन में सभी प्रकार के भारी व मध्यम वाहन शहरी क्षेत्र में प्रतिबंधित कर दिए गए। फल, सब्जी और खाद्य का परिवहन करने वाले वाहन बाईपास से संचालित होकर सरसावा बाईपास, बैंगनी फाटक, चिलकाना होते हुए मंडी समिति आ रहे।
कांवड़ मार्ग पर हल्के वाहन बंद कर दिए गए हैं। अभी तक एक तरफ वाहन और दूसरी तरफ से कांवड़िये गुजर रहे थे। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कांवड़ मार्ग पर पूरी तरह से वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। आंबेडकर चौक को दूसरी तरफ जाने के लिए खोला गया है। घंटाघर चौक और दर्पण तिराहा भी खुला रहेगा, लेकिन कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए कांवड़ मार्ग को क्रॉस करने का निर्णय स्थिति देखकर लिया जाएगा।
-
ऐसे हुआ वाहनों का संचालन
- सहारनपुर से देहरादून की ओर जाने वाले भारी वाहन चुनहेटी बाईपास कट, लाखनौर कट, सहारनपुर बाईपास, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से देहरादून गए। इसी से वापस हुए।
- शामली की ओर जाने-आने वाले भारी व हल्के वाहन सहारनपुर से रामपुर मनिहारान, नानौता, जलालाबाद से होकर निकाला गया।
- सहारनपुर से विकासनगर की आने-जाने वाले वाहन कलसिया, बेहट, गंदेवड़, मिर्जापुर मार्ग पर प्रतिबंधित रहे।
- सहारनपुर से विकासनगर की ओर जाने वाले आवश्यक वस्तु व हल्के वाहन कलसिया, बेहट, गंदेवड़, मिर्जापुर से संचालित किए।
- कांशीराम व मानकमऊ बस स्टैंड की तरफ संचालित होने वाले ऑटो-ई रिक्शा अग्रसेन चौक से चले, जो कोर्ट रोड होते हुए हसनपुर चुंगी पहुंचे।
- अस्पताल, विश्वकर्मा चौक की तरफ से आने-जाने ऑटो-ई रिक्शा आंबेडकर चौक को क्रॉस करके श्रीराम चौक वाया लिंक रोड संचालित हुए।
- हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, गंगोह, नकुड़ जाने वाली रोडवेज बसें मानकमऊ बस स्टैंड से कुम्हारहेड़ा कट से बाईपास होते हुए संचालित किए गए।