वर्णिका ने प्रदेश की अंडर -16 क्रिकेट टीम में बनाई जगह
सहारनपुर। क्रिकेट के क्षेत्र में सहारनपुर की प्रतिभाएं लगातार सफलता के झंडे गाड़ रही हैं। इस बार बेटों नहीं, बल्कि गंगोह के गांव बीरा खेड़ी की बेटी ने यूपी की अंडर -16 टीम में जगह बनाकर जनपद का नाम रोशन किया।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के लतीफुर्रहमान ने बताया कि एसोसिएशन के डायरेक्टर और वरिष्ठ क्रिकेटर अकरम सैफी के प्रयास से जनपद के क्रिकेट खिलाड़ी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। इसी क्रम में गंगोह क्षेत्र के ग्राम बीरा खेड़ी निवासी राजपाल सिंह की बेटी वर्णिका चौधरी ने हाल ही में हुए ट्रायल मैचों के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन कर यूपी के अंडर -16 महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। वर्णिका की मां सुषमा चौधरी और पिता राजपाल चौधरी बेटी की सफलता से गदगद हैं। उन्होंने बताया कि वर्णिका को शुरू से ही क्रिकेट खेलने का शौक रहा है। इसके बाद उन्होंने उसे विश्वामित्र क्रिकेट एकेडमी में दाखिल कराया। वर्णिका बाएं हाथ की बल्लेबाज है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर गुप्ता, साजिद उमर, सैयद मशकूर, राकेश शर्मा, राजीव गोयल टप्पू, भूपेंद्र कच्छल, सत्यम शर्मा, रविकांत धीमान, रणधीर कपूर, विनय कुमार, विक्की चैधरी, सचिन सैनी आदि ने टीम में जगह बनाने पर वर्णिका को बधाई दी।