क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा सील, प्रशासन दिखा अलर्ट
बेहट (सहारनपुर)। कोरोना वायरस के संकट से निपटने की दिशा में पुलिस प्रशासन शनिवार को अलर्ट दिखाई दिया। पुलिस ने कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्र में एनाउंसमेंट कर लोगों से जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील की, दूसरी तरफ जनपद सहारनपुर की तहसील बेहट क्षेत्र में लगने वाले उत्तराखंड सीमा को भी सील किया।
सहारनपुर से विकास नगर जाने वाली सभी यात्री बसों का संचालन बंद किया। दर्रा रीट से सभी यात्री बसों को वापस किया, इस कारण उत्तराखंड जाने वाले यात्री दिनभर परेशान रहे। दोपहर बाद बादशाही बाग में वाहनों को पुलिस ने रोकना शुरू किया। इसके अलावा थाना मिर्जापुर एवं बेहट कोतवाली पुलिस ने कस्बा बेहट एवं मिर्जापुर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में गश्त कर लोगों से अपील की कि वह रविवार को जनता कर्फ्यू का पालन करें, ताकि कोरोना वायरस के प्रभाव को कम किया जा सकें।
उधर, गांव घघरौली में स्थित मदरसा जामिया रहमत में छात्रों एवं अध्यापकों को मास्क बांटे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितिन कंदवाल ने छात्रों एवं अध्यापकों को पूरे न वायरस के प्रभाव और उससे बचाव की जानकारी दी। मदरसा प्रबंधक एवं ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल के जिलाध्यक्ष मौलाना डॉ. अब्दुल मालिक मुगीसी ने सभी से रविवार को जनता कर्फ्यू का पालन करने की अपील की।