सहारनपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में अब हर बुधवार को यूरोलॉजी के मरीज देखे जाएंगे। प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी ने यूरोलॉजी मरीजों के लिए ओपीडी शुरू कर दी है। ऐसे में यूरोलॉजी के मरीजों को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके साथ ही उपकरण मिलने के बाद यूरोलॉजी ऑपरेशन की सुविधा भी जल्द शुरू की जाएगी।
अंबाला रोड पर पिलखनी में शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी रोजाना एक हजार के पार रहती है। इसके अलावा इमरजेंसी में भी प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज आते हैं। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। सीटी स्कैन की सुविधा भी मरीजों को जल्द मिलने लगेगी। अब यूरोलॉजी मरीजों के लिए भी ओपीडी शुरू हो गई है।
ओपीडी में प्राचार्य डॉ. सुधीर राठी यूरोलॉजी मरीजों को देखेंगे। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक ओपीडी चलेगी। खास बात यह है कि सप्ताह में केवल बुधवार को ही ओपीडी खुलेगी। जो मरीज यूरोलॉजी के हैं, उन्हें चंडीगढ़, देहरादून या फिर अन्य निजी अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। यहीं नहीं यूरोलॉजी के ऑपरेशन भी जल्द शुरू किए जाएंगे। अभी तक यूरोलॉजी के लिए सुविधा नहीं थी।
- वर्जन
हमारा प्रयास यही रहता है कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसलिए हमने यूरोलॉजी मरीजों के लिए ओपीडी को शुरू कर दिया है, जो हर बुधवार को खुलेगी। - डॉ. सुधीर राठी, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज