थाना कोतवाली देहात पर हंगामा करते बजरंग दल के कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र की पुवारंका चौकी पर शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान अभद्रता और मारपीट के विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने बाइक की चाबी निकाली और बाइक सवार को डंडा भी मारा। हंगामे के बाद दरोगा के खेद जताने पर कार्यकर्ता शांत हुए।
बजरंग दल कार्यकर्ता शिवम और रोहित शुक्रवार रात बाइक से पुवांरका से शहर की ओर जा रहे थे, जब वह पुवांरका चौकी पर पहुंचे तो उनकी बाइक को रोका गया। आरोप है कि इसके बाद चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बाइक की चाबी निकाल ली। कार्यकर्ताओं ने उनसे कहा कि उनके पास जरूरी दस्तावेज हैं, वो दिखा देंगे। इसके बाद उनसे अभद्रता की गई और शिवम को डंडा भी मारा गया। इस घटना का पता चलने के बाद बजरंग दल के जिला संयोजक कपिल शर्मा, सम्राट, राहुल, सागर, हरीश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने अभद्रता करने और मारपीट के विरोध में काफी देर तक हंगामा किया। इसके बाद चौकी प्रभारी ने खेद जताया और कहा कि उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। बाद में देहात कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने भी कार्यकर्ताओं को समझाकर लौटाया।