एमएस कॉलेज में छात्र छात्राएं का पेपर के मामले में प्रदर्शन करते छात्र
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोड संख्या 010 (क्वालीफाइंग कोर्स) की परीक्षा छूटने से नाराज बीए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने महाराज सिंह डिग्री कॉलेज के बाहर हंगामा और नारेबाजी की। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पर लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में महाराज सिंह कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार शर्मा को कुलसचिव के नाम का ज्ञापन सौंपा।
महाराज सिंह कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष वैभव शर्मा और सचिव शुभम गोयल के नेतृत्व ने विद्यार्थी नारेबाजी करते हुए प्राचार्य के कार्यालय पहुंचे। वैभव शर्मा ने प्राचार्य को बताया कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया था। पहले यह परीक्षा बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे से होनी थी, लेकिन बीच ही में विश्वविद्यालय ने परीक्षा का समय बदलकर प्रात: सात बजे कर दिया गया। ऐसे में सुबह सात बजे की परीक्षा का ज्यादातर छात्रों को पता नहीं चल सका और उनकी परीक्षा छूट गई। यदि परीक्षा पुन: नहीं कराई जाती है तो विद्यार्थियों का नुकसान होगा। ऐसे में परीक्षा को पुन: कराया जाए। शुभम गोयल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने दो बार परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है, जिसकी वजह से अकेले महाराज सिंह कॉलेज में करीब 200 छात्रों की परीक्षा छूट गई है। जिले भर के अनेक महाविद्यालयों में ऐसा हुआ है। छात्र नेता आशु वालिया, जयंत सैनी ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय परीक्षा को पुन: आयोजित नहीं कराता तो समस्त छात्र सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान आदित्य मित्तल, आयुष पंवार, अक्षत धीमान, दुष्यंत पंवार, शिवम सैनी, राहुल कुमार, अरुण राजपूत, सीखा, नेहा, सरवन, प्रिया, निकिता, शुभम यादव, हर्षित, गौतम कुमार आदि शामिल रहे।