गंगोह (सहारनपुर)। आंगनबाड़ी केंद्र समय पर नहीं खुलने और सत्तू न मिलने से नाराज अभिभावकों ने केंद्र में हंगामा किया। टीकाकरण के लिए पहुंची एएनएम ने भी केंद्र समय पर नहीं खुलने के कारण टीकाकरण कार्य प्रभावित होने की बात कही है।
सरकार ने बच्चों को कुपोषण से मुक्ति के लिए गांवों और मोहल्लों में आंगनबाड़ी केंद्र खोले हैं। इन पर सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। कुछ केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों द्वारा सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को पलीता लगाया जा रहा है। बुधवार को मोहल्ला गुलाम औलिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला जब ग्यारह बजे तक भी नहीं खुला तो वहां टीकाकरण के लिए पहुंची एएनएम पिंकी, ममता के अलावा इकठ्ठा अभिभावकों ने केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। इनका आरोप था कि केंद्र के खुलने का समय 9 बजे का है, लेकिन ज्यादातर ग्यारह बजे के बाद ही केंद्र खोला जाता है। वहीं एएनएम ने कहाकेंद्र समय पर नहीं खुलने के कारण उन्हें काफी समय बाहर ही खड़े़ रहना पड़ता है और टीकाकरण का काम भी प्रभावित हो रहा है।
अभिभावकों का आरोप था कि केंद्र में आने वाला सत्तू व अन्य सामान लोगों में न बांटकर बाजार में बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा सरकार जो मदद लोगों को दे रही है उसे सरकारी कर्मचारी पलीता लगाकर अपनी जेबें भर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर सरकारी योजनाओं को पलीता लगा रहे कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उधर बाल विकास परियोजना अधिकारी शारदा रानी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।