नकुड़। बैनामे नहीं होने पर उप निबंधक कार्यालय पर लोगों ने हंगामा कर दिया। पिछले कुछ दिनों से वेबसाइट में तकनीकी खराबी के कारण रजिस्ट्री कार्य बाधित हो रहा हैं।
बुधवार को तहसील कार्यालय स्थित उप निबंधक कार्यालय में जमीन, प्लाॅट आदि की रजिस्ट्री नहीं होने के चलते काफी संख्या में भीड़ हो गयी। काफी देर तक भी बैनामे का कार्य शुरू न होने पर लोगों के सब्र का बांध टूट गया और बैनामा कराने आए लोगों ने रजिस्ट्री कार्यालय के सामने हंगामा कर दिया। लोगों का आरोप है कि कई दिन से वह रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा कराने के लिए आ रहे हैं, लेकिन उनके बैनामे नहीं हो पा रहे हैं। उधर, एसडीएम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सर्वर डाउन होने और वेबसाइट में तकनीकी खराबी के कारण समस्या हो रही है। उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराकर समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।