उप निरीक्षक शौकीन खान पुलिस टीम के साथ शहर कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नूरबस्ती पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी सोहेल के घर के पास पहुंचते ही सोहेल, नौशाद, आरिफ, कैफ, आमिर, बाबर, चांदबीबी और अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे।
यह भी पढ़ें: UP: धुआं उठते ही खतरा भांप गया चालक, 26 यात्रियों को तुरंत बस से उतारा, चंद मिनटों आग का गोला बनी स्लीपर कोच
पुलिस का कहना है कि जब उप निरीक्षक ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया तो उन पर लाठी-डंडों, सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। आरोप है कि दरोगा के सिर पर सरिया से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
पुलिस के अनुसार मौके पर पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने के कारण टीम को पीछे हटना पड़ा। थाने लौटने के बाद पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद सात नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।