सहारनपुर में यूपी बोर्ड परीक्षाओं का बृहस्पतिवार से आगाज हो गया है। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा सम्पन्न हुई। सरल प्रश्न पत्र ने पहले दिन ही परीक्षार्थियों के चेहरे खिला दिए।
परीक्षा जनपद के 103 केंद्रों पर संचालित हो रही है। इनमें कुल 73590 परीक्षार्थी सम्मलित होंगे। इनमें 41154 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल और 32436 छात्र-छात्राएं बारहवीं की परीक्षा में शामिल है।
पहले दिन सुबह की पाली में हुई हाईस्कूल की परीक्षा में 2433 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सचल दस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई नकलची नकल करते नहीं पकड़ा गया।
परीक्षा देकर निकल रहे परीक्षार्थियों ने प्रश्न पत्र को बेहद सरल बताया। कहा कि प्रश्न पत्र लंबा जरूर था, लेकिन बेहद सरल आया। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा सम्पन्न हुई।
उधर, क्षेत्र के चार कॉलेजों में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गयी है। पहले ही दिन 391 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी है। राजकीय इंटर कॉलेज पंचकुआ के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि हाई स्कूल के 93 और इंटर के 39 बच्चों ने परीक्षा छोड़ी है
जबकि जेजे इंटर कॉलेज में हाई स्कूल के 33 छात्र इंटर में तथा 21 छात्र हाईस्कूल में अनुपस्थित रहे। नवजनोदय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ने बताया कि हाई स्कूल के 36 छात्र और इंटर में एक छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंचा। राजकीय इंटर कॉलेज गुमटी के प्रधानाचार्य ने बताया कि हाई स्कूल में 92 और इंटर में 80 छात्रों ने परीक्षा छोड़ी है।
देहात क्षेत्र में कई परीक्षा केंद्र ऐसे भी नजर आए जहां परीक्षार्थियों को भारी परेशानी के चलते परीक्षा देनी पड़ी। कई परीक्षा केंद्रों पर बिजली आदि की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
ऐसे में परीक्षार्थियों को अंधेरे में बैठकर परीक्षा देनी पड़ी। कई छात्र-छात्राओं ने कक्ष निरीक्षक के समक्ष इसका विरोध भी किया, लेकिन ऐसे परीक्षार्थियों की एक न सुनी गई।