सहारनपुर में 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में बेटियों का जलवा रहा। दोनों ही कक्षाओं में बेटियां बुलंदी पर रहीं। 10वीं में 97 प्रतिशत अंकों के साथ यमुना खादर इंटर कॉलेज कंबोह माजरा बेहट की आयुषी ने जिला टॉप किया। आयुषी ने प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं 12वीं में 91.20 फीसदी अंकों के साथ एसडीके राजकीय कन्या इंटर कॉलेज अंबेहटा पीर की बुशरा ने पहला स्थान प्राप्त किया।
परिजनों के साथ आयुषी।
- फोटो : अमर उजाला
दसवीं के टॉप-टेन में कुल 12 विद्यार्थियों में आठ लड़कियां रहीं। इसी प्रकार 12वीं के टॉप-टेन में शामिल 25 विद्यार्थियों में 18 लड़कियां शामिल हैं। दसवीं में सहारनपुर का परिणाम 91.12 प्रतिशत रहा, जबकि 12वीं में 82.39 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे।
बुशरा को मिठाई खिलाते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
वकील बनना चाहती है बुशरा
बुशरा ने 500 में से 450 अंक हासिल किए। जिला टॉप करने की खबर लगते ही बुशरा की आंखों में खुशी के आशू छलक पड़े। तीन बहनों में दूसरे नंबर की बुशरा का सपना एलएलबी करके बड़ा वकील बनने का है। बुशरा ने इंटरमीडिएट परीक्षा में जिला टॉप करके न सिर्फ अपने परिवार बल्कि विद्यालय व कस्बे नाम भी रोशन किया है। बुशरा ने बताया कि उसके पिता दिलशाद और मां असमा इंटर पास हैं। जबकि बड़ी बहन मुन्तजिका बीएड व छोटी बहन हुमेरा कक्षा पांच में पढ़ती है।
बुशरा ने बताया कि वह रोजाना 4 से 5 घंटे पढ़ाई करतीं थी और एक घंटा मोबाइल चलाती थी। बुशरा के पिता दूध बेचने का काम करते हैं। बुशरा ने बताया कि उसका सपना एलएलबी करके बड़ा वकील बनने का है। उसने केवल इंग्लिश का ट्यूशन लगा रखा था, बाकी तैयारी घर पर ही करती थी। उसकी इस सफलता के पीछे उसकी टीचर्स विशेषकर उसकी क्लास टीचर सपना का विशेष योगदान है। बुशरा ने बताया कि हाईस्कूल में वह एक नंबर से विद्यालय टॉप करने से रह गई थी।
ये भी देखें...
UP Board 10th 12th Result: हाईस्कूल में सृष्टि और इंटर में अक्षित ने किया बिजनौर टॉप, स्कूल व घरों में जश्न