पहाड़ियों में बारिश होने पर सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में अलर्ट जारी कर दिया गया, हालांकि कुछ देर बाद ही मौसम साफ होने पर ट्रैफिक को फिर से खोल दिया गया।
मगंलवार दोपहर के समय पहाड़ियों में बारिश होने पर सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी से ऊपर रक्तदंतिका मंदिर पर बनाई गई बाढ़ चौकी से पानी आने की संभावना का अलर्ट जारी होने पर पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बाबा भूरादेव मंदिर पर ही ट्रैफिक रोक दिया। हालांकि थोड़ी देर में बारिश बंद हो गई और मौसम भी साफ होने लगा, जिसके बाद फिर से ट्रैफिक खोल दिया गया।
श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति मां शाकंभरी देवी के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। बुधवार को चैत्र का पहला नवरात्र है। प्रथम नवरात्र सिद्धपीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। मौसम के मिजाज को देखकर बाढ़ चौकी को भी अलर्ट किया गया है।