सहारनपुर। सांसद इमरान मसूद ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से वाहन स्क्रैप नीति को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में बताया कि यह नीति अनिवार्य नहीं, बल्कि स्वैच्छिक है और इसका उद्देश्य पुराने, अनुपयुक्त और प्रदूषणकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाना है।
सांसद मसूद ने प्रश्न के माध्यम से यह जानना चाहा था कि क्या सरकार द्वारा लागू की गई वाहन स्क्रैप नीति त्रुटिपूर्ण है, क्योंकि यह सभी वाहनों को एक निश्चित अवधि के बाद स्क्रैप करने की बात करती है, भले ही वह प्रदूषण फैला रहे हों या नहीं। इसके अलावा उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सरकार इस नीति की दोबारा समीक्षा करने जा रही है। क्या इसे पूरे देश में विस्तार देने की योजना है।
सांसद इमरान मसूद के संसदीय कार्य प्रभारी विपिन जैन ने बताया कि परिवहन मंत्री अपने उत्तर में कहा कि यह केवल उन्हीं वाहनों पर लागू होती है, जो फिटनेस परीक्षण में फेल हो जाते हैं। चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो। सरकार ने इसमें प्रोत्साहन और हतोत्साहन दोनों तंत्र बनाए हैं ताकि पुराने और अनुपयुक्त वाहनों को हटाने का एक मजबूत सिस्टम तैयार किया जा सके।