गांव तेलीपुरा में बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त मकान।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना(सहारनपुर)। बिना बरसात ही बिजली गिरने से अनुसूचित जाति की बस्ती में दो ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है। मकान के पास मौजूद एक युवक को हल्की चोट आई है। पीड़ितों ने आर्थिक मदद की गुहार सरकार से लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुरा में गांव की अनुसूचित बस्ती में हरबीर पुत्र रतिराम का पक्का मकान है। मकान के ऊपर पानी का टैंक भी रखा हुआ था। सुबह दस बजे अचानक गिरी बिजली से मकान में दरार पड़ गई तथा लिंटर भी फट गया। बिजली लिंटर फाड़कर मकान के पास बने शौचालय तथा स्नानागार पर भी गिरी। स्नानागार तथा शौचालय भी क्षतिग्रस्त हो गए। हरवीर के मकान के पास ही कर्ण सिंह पुत्र कलीराम का टिनशेड का मकान है। बिजली इस मकान पर भी गिरी तथा टिनशेड को क्षतिग्रस्त कर दिया। हरवीर तथा कर्ण सिंह ने बताया कि वह काफी गरीब हैं। पहले ही उन्होंने मकान बड़ी मुश्किल से बनाया था। अब बिजली गिरने से उनके सामने और भी बड़ी समस्या पैदा हो गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से बिजली से हुए लाखों रुपये के नुकसान की भरपाई करने का अनुरोध किया है।
गनीमत रही कि जिस समय बिजली गिरी उस समय दोनों मकानों में कोई नहीं था। हरबीर अपने मकान के पास खड़ा हुआ था, जिस कारण उसके दोनों पैरों में हल्की चोट आई है। यदि बिजली गिरते समय कोई व्यक्ति मकानों में होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बिजली गिरने से आसपास के मकानों में भी दरारें आ गई हैं। घरों में रखे कूलर, फ्रीज, स्टैब्लाइजर, विद्युत मीटर, वायरिंग सहित सभी बिजली उपकरण फुंक गए हैं। गांव में बिजली गिरने की जानकारी मिलते ही एसएसआई रविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तथा हालात की जानकारी ली। तहसीलदार सदर नितिन राजपूत ने बताया कि गांव में बिजली गिरने की सूचना पर हल्का लेखपाल रामप्रसाद को मौके पर भेजा गया है। नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। विस्तृत रिपोर्ट लखनऊ भेजी जा रही है। शासन द्वारा अनुमोदित सहायता राशि पीड़ितों को जल्दी ही दी जाएगी।