सहारनपुर। नगर निगम ने सड़क निर्माण में बाधक रैंप को जेसीबी से धवस्त कर दिया। इसके अलावा जन सुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल पर आयी शिकायतों पर भी कार्रवाई की।
वार्ड-38 गढ़ी मलूक में नगर निगम की ओर से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। सड़क निर्माण में दो घरों के रैंप बाधक बन रहे थे। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के प्रवर्तन दल ने दोनों रैंपों को जेसीबी की मदद से धवस्त कर दिया। इसके अलावा जनसुनवाई में आयी शिकायत पर जामा मस्जिद के सामने तीन सब्जी वालों की दुकान का अतिक्रमण हटाया गया।
सभी ने सड़क पर ठेले लगाकर अतिक्रमण कर रखा था। मोरगंज में नाले पर बनी दुकान के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रवर्तन दल ने जांच कर दुकानदारों को संबंधित कागज के साथ निगम बुलाया है। बेहट अड्डे पर दुकानदार की ओर से बनाई गई अवैध दीवार को स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई।
इस मौके पर प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एचबी गुरुंग, संपत्ति सुरक्षा अधिकारी हरिप्रकाश कसाना व निर्माण विभाग के जेई मदनपाल के प्रवर्तन दल की पूरी टीम मौजूद रही।