बेहट/बिहारीगढ़। पद यात्रा कर मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे यात्री को श्रद्धालुओं की ट्रॉली ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर बिहारीगढ़ में एक बस से कुचलकर युवक की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में देर शाम तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
शाकंभरी देवी मार्ग पर गांव चुहड़पुर कलां के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी। पद यात्रियों में रामपुर मनिहारान के गांव हरपाल निवासी 23 वर्षीय आकाश भी शामिल था। पद यात्रियों की टोली आगे चल रही श्रद्धालुओं की ट्रॉली के पीछे-पीछे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई दूसरे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राॅली का चालक ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा। उसने जैसे ही पदयात्रियों को बचाने के लिए कट मारा तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली आकाश को कुचलते हुए निकल गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक और श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राॅली को छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को सड़क से उठाकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा, साथ ही ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया। मृतक आकाश अविवाहित था। उसका बड़ा भाई अक्षय है, जो विवाहित है। मां की मौत हो चुकी है। मजदूरी करके आकाश ही अपने साथ रहने वाले पिता महक सिंह उर्फ पप्पल की देखभाल करता था। सीओ बेहट एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
उधर, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर मोहंड के पास रोडवेज की वोल्वो बस की टक्कर से बाइक सवार हरिद्वार के नगला इमरती निवासी मुजम्मिल (24) की मौके पर ही मौत हो गई। मुजम्मिल बाइक से देहरादून की ओर जा रहा था। सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे मोहंड के जंगल में एलिवेटेड रोड पर देहरादून की ओर से तेज गति से आ रही रोडवेज वोल्वो बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। बस के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सड़क मार्ग से जा रहे राहगीर मृतक के ही गांव के थे। उन्होंने उसकी शिनाख्त की। इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।