छुटमलपुर। फतेहपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की तीन दिन पूर्व तार चोर गिरोह के बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान फरार हुए उनके दो साथियों को पुलिस ने मंगलवार रात धर दबोचा।
एक पखवाड़ा पूर्व ग्राम दतौली मुगल के समीप तार चोर गिरोह ने दस खंभों की बिजली लाइन के तार चोरी कर लिए थे। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने 15 मई की रात बुड्ढाखेड़ा हिंडन नदी पुल से मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को पकड़ा था। उनके कब्जे से 1.80 लाख रुपये, तीन सौ मीटर तार और हथियार बरामद किए थे। इस दौरान बदमाशों के दो साथी फरार हो गए थे। एसओ सतेंद्र नागर ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार रात साढ़े दस बजे गंदेवड़ा के पास से दोनों फरार बदमाशों अंकित पुत्र मांगेराम और विनित शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा निवासीगण गांव पीकी थाना देहात कोतवाली देहात को धर दबोचा। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद