चिलकाना। क्षेत्र के चकबीबीपुर निवासी एक महिला पर दो लोगों ने अपनी पत्नी होने का दावा जताया है। दोनों लोगों तथा महिला ने थाने पर अलग-अलग तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी हरियाणा निवासी युवक के साथ हुई थी जो सफल नहीं हो सकी। डेढ़ साल पहले विवाह विच्छेद के बाद उसने गांव के ही युवक से अपनी शादी कर ली थी। महिला का कहना है कि उसकी बहन और दूर की मौसी बार-बार उसके ससुराल आकर रुपयों की मांग करतीं हैं। मांग पूरी न होने पर वे उसे पति से अलग कराने की धमकी देतीं हैं। दूसरे पति ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के रिश्तेदार घर पर आकर हंगामा करते हैं और उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी कि महिला के पहले पति ने भी थाने में तहरीर दी है। उसका आरोप है कि महिला उसकी पत्नी है, जिसे चकबीबीपुर निवासी युवक बहला-फुसलाकर ले आया है। उसने आरोप लगाया कि महिला घर से सोने का मंगलसूत्र, पंजाबी बाली, अंगूठी और चांदी की पायल लेकर आई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।