सहारनपुर। देहरादून रोड स्थित टीपीनगर में युवकों के दो गुटों में सरिए और लाठी-डंडे चल गए। दोनों गुटों ने एक-दूसरे हमला करते हुए हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। थाना जनकपुरी पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
थाना जनकपुरी क्षेत्र में स्थित टीपीनगर में शनिवार की शाम युवकों के दो गुटों में संघर्ष हो गया। इनमें कुछ युवक हेलमेट पहने हुए थे, जिन्होंने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। मौक पर भारी भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन युवकों के हाथों में सरिए और लाठी-डंडे देखकर बीच-बचाव कराने से डरते रहे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। इसकी भनक युवकों को भी लग गई। पुलिस के आने से पूर्व ही आनन-फानन में दोनों गुटों के युवक एक बाइक छोड़कर फरार हो गए। घटनास्थल के पास एक भवन पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटनाक्रम कैद हो गया। सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि बाइक को पुलिस ने कब्जे में लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित किया जाएगा। इन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में पता लगा है कि पैसों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हुआ है।