वीडियो वायरल होने पर 11 नामजद सहित 20 पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनौती। क्षेत्र के ग्राम नाई माजरा में यमुना नदी का जलस्तर कम होते ही खादर की उपजाऊ जमीन पर कब्जे की होड़ मच गई। जमीन पर अपना-अपना दावा ठोकते हुए दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे व अवैध असलहे लहराए। इसका किसी ने वीडियो ने बना कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस ने 11 नामजद सहित 20 के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
यमुना नदी का जलस्तर घटना के बाद यमुना की जमीन बाहर निकल आई जिसे कब्जाने को लेकर गांव के ही दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ती चली गई और देखते ही देखते एक-दूसरे को गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। जान से मारने की धमकियां दी गईं। देखते ही देखते विवाद यमुना की जमीन से निकलकर गांव में बीच पहुंच गया। कुछ लोगों ने गांव की गलियों में खुलेआम असलहों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने का प्रयास किया, जिससे भयभीत होकर ग्रामीणों ने खुद को घरों में बंद कर लिया।
सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। शनिवार को उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ नाई माजरा पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वायरल वीडियो की गहनता से जांच की और उसमें दिख रहे उपद्रवियों की पहचान कराई।
इसी आधार पर एक पक्ष के तस्वीर, अली कासिम, शालू, सोनू, आन मोहम्मद, अली मोहम्मद और बाबू (तथा 4-5 अज्ञात) और दूसरे पक्ष के शाहीन, साबिल हैदर, सबी हैदर, नानू और तनवीर तथा 3-4 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
सीओ शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि 11 नामजद सहित 20 आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।