एयरफोर्स स्टेशन पर हादसा, दो युवकों की मौत
सरसावा। गांव सौराना के निकट स्थित एयरफोर्स स्टेशन में निर्माण कार्य के लिए लाए गए मार्बल के नीचे दबकर दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस और एयरफोर्स कर्मियों ने शवों को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
सरसावा एयरफोर्स स्टेशन में एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। एक निजी कंपनी को ठेका दिया गया है। यहां गांव काजीपुरा निवासी मजदूर अमित (22) और सूबेदार (25) भी काम कर रहे थे। मंगलवार को दोनों मजदूर ट्रक से मार्बल उतार रहे थे। ट्रक में एक के ऊपर एक लदी मार्बल की थापियां रखी थीं। अचानक ही मार्बल दोनों मजदूरों के ऊपर गिर गया। दोनों मार्बल के नीचे दब गए। सूचना पर थाना सरसावा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और एयरफोर्स कर्मियों ने मार्बल की थापियां हटवाकर दोनों मजदूरों को निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर दोनों के परिजन भी एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंच गए। मौके पर कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।