सहारनपुर। 20 मई को प्रस्तावित दवा व्यापार बंद को लेकर दवा व्यापारियों के दो संगठन आमने-सामने आ गए हैं। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने बंदी का समर्थन किया है। वहीं सहारनपुर केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने बंदी का विरोध किया है। काली पट्टी बांधकर दुकानें खुली रखेंगे।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन सचिव प्रदीप लूथरा ने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर नियंत्रण नहीं होने से मरीजों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ई फार्मेसी, ऑनलाइन दवा बिक्री में आ रही समस्याओं को लेकर जिले का दवा व्यापार पूरे दिन बंद रहेगा। 20 मई को एसोसिएशन से जुड़े दवा व्यापारी सुबह 10 बजे किशनपुरा दवा मार्केट में इकट्ठा होकर धरना देंगे। इसके बाद एक बजे कलक्ट्रेट में डीएम के माध्यम केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। वैसे दूसरे संगठन से भी बात चल रही है।
वहीं दूसरी ओर सहारनपुर केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने सोमवार को बैठक कर बंद का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि मरीजों का हित सर्वोपरि है और दवा दुकानों के बंद होने से आम लोगों को परेशानी होगी। संगठन ने स्पष्ट किया कि 20 मई को उनकी दवा दुकानें खुली रहेंगी। एसोसिएशन अध्यक्ष विजय सैनी व महामंत्री सुनील राणा ने कहा कि दुकानें बंद रखकर समस्या का समाधान नहीं होगा। केवल काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। दोनों संगठनों ने अपनी-अपनी बैठकों में व्यापार और मरीज हित को लेकर अलग-अलग पक्ष रखें हैं, जिससे दवा कारोबारियों के बीच भी मतभेद साफ दिखाई दे रहा है।