गंगोह कोतवाली में पकड़े गए स्मैक तस्करों के बारे में जानकारी देते एसपी देहात अतुल शर्मा
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। दो स्मैक तस्करों को पचास लाख रुपये कीमत की स्मैक के साथ पुलिस ने पकड़ा है। इसके साथ ही दो शराब तस्करों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश किया है।
शुक्रवार रात सीओ रिजवान अहमद और कोतवाली प्रभारी भानू प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया। एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि पकड़े गए लोगों की तलाशी में उनके पास से 500 ग्राम स्मैक बरामद हुई। उनके अनुसार बरामद स्मैक की कीमत लगभग पचास लाख रुपये है। आरोपी गांव बाढ़ी माजरा निवासी इरफान उर्फ ज्योति और बाबर पुत्र अयूब हैं। दोनों एक मुकदमे में वांछित भी चल रहे थे। इसके अलावा गांव बड़गांव निवासी नीटू, देदनौर निवासी अरविंद को 120 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इन पर एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। एसपी देहात ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नशे की सप्लाई करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। संवाद