- रामपुर मनिहारान के मल्हीपुर गांव का मामला
- शुक्रवार को बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने की थी प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। चाइल्ड पोर्नोग्राफी के मामले जिले में लगातार सामने आ रहे हैं। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के मल्हीपुर गांव में भी ऐसा ही मामला आया है। इसमें मैसेंजर के माध्यम से बाल अश्लीलता के फोटो और वीडियो साझा किए गए हैं। पुलिस ने मल्हीपुर गांव के रहने वाले आरोपी कैलाशचंद और सोनू कपिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
साइबर पोर्टल एनसीएमईसी (नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन) से बाल अश्लीलता के वीडियो और फोटो को लेकर साइबर क्राइम थाना को जांच मिली थी। जांच के दौरान सामने आया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम मैसेंजर के माध्यम से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो साझा किए गए हैं। पुलिस ने गांव में जाकर छानबीन की, जिसमें पता चला कि आईपीडीआर के माध्यम से जो मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए थे वह इन दोनों आरोपियों के नाम पर पंजीकृत हैं। साइबर क्राइम इकाई की तरफ से प्रकरण से जुड़े कागजात, मेटा की रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज रामपुर मनिहारान थाना पुलिस को भेजे गए, जिसके बाद आरोपी कैलाशचंद और सोनू कपिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।
बता दें, कि शुक्रवार को भी बिहारीगढ़ थाने में बाल अश्लीलता का मामला आया था। उस प्रकरण में पुलिस ने टांडा मान सिंह गांव निवासी आरोपी सुल्तान और जुल्फान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी, जिस तरीके से जिले में बाल अश्लीलता के मामले सामने आ रहे हैं वह बेहद गंभीर है। हालांकि पुलिस इन पर शिकंजा भी कस रही है।
चाइल्ड पोर्नोग्राफी साझा करने पर महिला सहित चार पर प्राथमिकी
सरसावा (सहारनपुर)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कथित रूप से चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित सामग्री साझा करने के मामले में थाने में एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार भारत सरकार के गृह मंत्रालय से संचालित साइबर पोर्टल एनसीएमईसी के माध्यम से कुछ संदिग्ध इंस्टाग्राम अकाउंट चिह्नित किए गए थे। इनसे चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री साझा और प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। मेटा कंपनी से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर साइबर क्राइम ने संदिग्ध अकाउंट की जांच कराई। पुलिस ने गांव में जाकर सभी अकाउंट तथा मोबाइल नंबर को वेरिफाई किया। जांच में सभी सूचना सही मिली, जिसके आधार पर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के तीन व्यक्ति मुस्तफा, उमेर तथा विनीत एवं एक महिला सविता के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67-बी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
वर्जन
चाइल्ड पोर्नोग्राफी गंभीर मामला है। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल जांच जारी है। - व्योम बिंदल, एसपी सिटी