बिहारीगढ़ क्षेत्र के दून हाईवे पर जाम में फंसे वाहन। श्रोत-यात्री
बिहारीगढ़(सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर शिवालिक की पहाड़ियों में डाट काली मंदिर से तीन किलोमीटर पहले 18 टायरा ट्रक खराब होने के कारण लंबा जाम लग गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खराब ट्रक को हटवा कर दो घंटे बाद जाम खुलवाया। इस दौरान जाम में फंसे यात्री काफी परेशान रहे।
शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे शिवालिक की पहाड़ियों में डाट काली मंदिर से पहले एक मोड पर 18 टायरा ट्रक खराब हो गया। इसके बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारे लग गई। जाम इतना भयंकर था कि लाल पुल तक वाहनों की लाइन पहुुंच गई। जाम की सूचना पर मोहंड से ही वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियों को वापस किया। उन्होंने एलिवेटेड रोड पर रखे अवरोधकों को खुद ही हटा कर देहरादून तक का सफर किया।
उधर, जाम की सूचना के बाद बिहारीगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हाईवे अथारिटी की क्रेन से खराब खड़े ट्रक को हटवा कर साइड कराया गया। इसके बाद जाम में फंसे वाहनों को रास्ता मिल सका। करीब दो घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इस क्षेत्र में किसी भी कंपनी का मोबाइन नेटवर्क नहीं है। इस कारण यात्रियों को अपने प्रियजनों से संपर्क करने में भी दिक्कत आई। जाम खुलने के बाद एनएचएआई के कर्मचारियों ने फिर से एलिवेटेड रोड को बंद कर दिया।