सहारनपुर। स्कूल आते-जाते समय एक युवक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ कर परेशान कर रहा है। इसकी शिकायत युवक के परिजनों से की तो उन्होंने भी अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पिता ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की।
मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री गांव के ही एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। गांव का ही एक युवक स्कूल आते-जाते समय पुत्री के साथ छेड़छाड़ करता है। इतना ही नहीं, आरोपी ने रास्ते में पुत्री का हाथ भी पकड़ लिया। पुत्री ने घर आकर घटना की जानकारी दी। इसकी शिकायत लेकर वह आरोपी के घर गए, लेकिन आरोपी के घरवालों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और पुत्री को अगवा करने की धमकी दी। दो दिन पूर्व ही आरोपियों ने उसके घर में आकर मारपीट की। बीच-बचाव कराने आए उसके भाई की भी पिटाई की गई है। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी फरार हो गए। पीड़िता के पिता ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने देहात कोतवाली पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए है।