गंदेवड़ा में गौवंश अवशेष मिलने के बाद पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ता
छुटमलपुर। गांव गंदेवड़ा में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सक से जांच के बाद उन्हें दबवा दिया। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव गंदेवड़ा में सुरेंद्रपाल सिंह के बाग में बुधवार की सुबह गोवंश के अवशेष पड़े मिले। इसकी सूचना ग्रामीणों ने बजरंग दल के विभाग सह संयोजक हरीश कौशिक को दी तो वे कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी को इसकी सूचना देते हुए कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल के विभाग सह संयोजक हरीश कौशिक ने बताया कि मौके पर दो से तीन गोवंश के अवशेष मिले हैं। उन्होंने इस पर आक्रोश जताया कि क्षेत्र में गोकशी पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही निंदनीय है और गोकशी की घटनाएं बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस इन पर प्रभावी रोक लगाए अन्यथा बजरंग दल कार्यकर्ता आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान मोनू कश्यप, प्रतीक दत्त, पावन कौशिक, रोहित सैनी, तुषार तोमर, सत्यम, मानू पंडित, गगन वर्मा, अभय, हर्षित, अनुभव, रज्जी पंडित आदि मौजूद रहे।
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेते हुए पशु चिकित्सक को बुलाकर उनका परीक्षण कराया। इसके बाद अवशेषों को गड्ढा खोदवा कर दबवा दिया गया। एसओ प्रमोद रावल ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। गोकशों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।