सहारनपुर। कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से उत्तराखंड बॉर्डर पर सख्ती बढ़ गई है। यात्रियों को आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट के बगैर उत्तराखंड में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। सहारनपुर-विकासनगर रूट पर भी इसका असर है। इस कारण एक तरफ यात्रियों पर किराये का बोझ बढ़ गया है तो बस ऑपरेटर भी प्रभावित हुए हैं।
सहारनपुर से विकासनगर मार्ग पर निजी बसों का संचालन होता है। रोजाना इनके 60 फेरे तक लगते हैं। दो से ढाई हजार यात्रियों का आवागमन इन निजी बसों से होता है। बीते दिनों कोरोना संक्रमण बढ़ने से उत्तराखंड सरकार ने बाहरी राज्यों से आने वालों की कोविड जांच अनिवार्य कर दी है। सहारनपुर-विकासनगर रूट पर बस यात्रियों को भी आरटीपीसीआर जांच के बगैर आगे जाने नहीं दिया जा रहा है। बसों का ठहराव बादशाही बाग में हो रहा है। वहां से यात्रियों को अन्य वाहन से उत्तराखंड बॉर्डर पहुंचना पड़ रहा है। फिर वहां से विकासनगर अथवा अन्य स्थानों तक पहुंचने के लिए दूसरा वाहन लेना होता है।
100 रुपये का अतिरिक्त बोझ
सहारनपुर से विकासनगर का किराया 90 रुपये है। अब बादशाहीबाग तक का ही किराया 50 रुपये और उससे आगे उत्तराखंड की सीमा तक 50 रुपये यात्रियों को खर्च करने पड़ रहे हैं। फिर वहां से विकासनगर तक 60 रुपये किराया देना पड़ रहा है।
मुश्किल में बस ऑपरेटर
सहारनपुर-बड़कोट रूट बस यूनियन के अध्यक्ष एवं सहारनपुर जिला बस ऑपरेटर्स संघर्ष समिति के सचिव मुकेश त्यागी ने बताया कि विकासनगर रूट पर आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य है, जबकि गागलहेड़ी-भगवानपुर और देहरादून रूट पर एंटीजन टेस्ट ही मान्य है। बसों का संचालन प्रभावित होने से काफी नुकसान हो रहा है। बस चालक सुशील सैनी निवासी मांझीपुर, साजिद शेख निवासी बेहट व निशांत निवासी नंगला झंडा ने बताया कि बसों में यात्रियों को नहीं जाने दिया जा रहा है।
हर जगह एक जैसा हो नियम
विकासनगर की तरफ जाने वाले अरुण कुमार निवासी कैलाशपुर, अरशद निवासी सहारनपुर और मोहित निवासी सहारनपुर ने बताया कि हर जगह एक जैसा सा नियम होना चाहिए। विकासनगर मार्ग पर भी एंटीजन जांच के बाद जाने दिया जाए या फिर बादशाहीबाग में आरटीपीसीआर जांच की व्यवस्था कराई जाए।
वर्जन
यह समस्या उनकी जानकारी में है। कोविड गाइडलाइन की वजह से विकासनगर मार्ग पर आरटीपीसीआर जांच जरूरी है। हालांकि लोगों की समस्या के मद्देनजर रविवार से एंटीजन जांच के बाद भी यात्रियों को प्रवेश की व्यवस्था कराई जाएगी।-सौरभ असवाल, एसडीएम, विकासनगर