बिहार सरकार की ये दवाई सहारनपुर में मरीजों को दी जा रही है।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में उत्तर प्रदेश सरकार अपने मरीजों का इलाज बिहार सरकार की दवाओं से करा रही है। इन दिनों जिला अस्पताल और सीएचसी व पीएचसी में मरीजों को दी जा रही अनेक दवाओं के रैपर और सीरप की शीशियों पर बिहार गवर्नमेंट सप्लाई अंकित है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।
शहर निवासी गौरव गर्ग अपने बच्चे को टीका लगवाने के लिए महिला चिकित्सालय पहुंचे थे। टीका लगाने के बाद जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने गौरव को बच्चे के लिए पैरासिटीमॉल सीरप की एक शीशी दी। शीशी पर बिहार गवर्नमेंट सप्लाई लिखा देख गौरव हैरान रह गया।
उसने तुरंत शीशी की फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। इतना ही नहीं, गौरव ने अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को मेल कर इसकी शिकायत की है।
गौरव ने गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका व्यक्त करते हुए प्रकरण की जांच कराने की मांग उच्चाधिकारियों से की है। उधर, मरीजों को दवा देने वाले अस्पताल के कर्मचारी इसपर मौन हैं। उनका कहना है कि कुछ समय पहले जो दवा आई है। उसमें ज्यादातर पर बिहार गवर्नमेंट सप्लाई अंकित है। इससे पहले कभी बाहरी राज्य सरकार की दवाएं नहीं आई हैं।