सहारनपुर। शंभू बॉर्डर रेलवे ट्रैक पर किसानों के बैठने से इन दिनों ट्रेनों में सफर करना यात्रियों के लिए चुनौती भरा हो गया है। ट्रैक खाली नहीं होने की वजह से ट्रेनों को कई जगहों पर रास्ते में ही रोका जा रहा है। मंगलवार को एक ओर जहां चार ट्रेनें निरस्त रही, वहीं दूसरी तरफ आठ से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट पहुंची। जिसके चलते यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर परेशानी का सामना करना पड़ा।
17 अप्रैल से हर दिन ट्रेनें निरस्त व डायवर्ट होने से ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की दिनचर्या तो प्रभावित हो ही रही हैं, साथ ही उन्हें भी परेशानी काफी झेलनी पड़ रही है, जिसने कुछ महीने पहले ही ट्रेनों की टिकटें घूमने के लिए बुक कराई थी। गर्मियों की छुट्टियों में अक्सर लोग घूमने जाते हैं। रेलवे भी समर स्पेशल ट्रेनें चलाकर कुछ दिन में ही सालभर के बराबर कमाई कर लेता है। इस बार रेलवे को समर स्पेशल ट्रेनों से ज्यादा होने की संभावना पहले के मुकाबले कम लग रही है। क्योंकि इस समय रेलवे ट्रेनों को लगातार रद्द कर टिकटों का रिफंड करने में लगा हुआ है। मंगलवार को ऋषिकेश-श्रीगंगानगर इंटरसिटी, हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी, सहारनपुर-नंगलडैम मेमू, नई दिल्ली-जालंधर सिटी सुपर निरस्त रही, जबकि अमृतसर-कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट, जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा, जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरी व फिरोजपुर-धनबाद गंगा सतलुज एक्सप्रेस का साहनेवाल-अंबाला के बीच रूट बदला गया।
-
कौन सी ट्रेन कितने घंटे आई लेट
12587 गोरखपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस 12:13 घंटे
22423 गोरखपुर-अमृतसर जनसाधारण सुपरफास्ट एक्सप्रेस 9:50 घंटे
18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 8:36 घंटे
15655 कामाख्या-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा साप्ताहिक एक्सप्रेस 5:07 घंटे
04623 वाराणसी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा समर स्पेशल 4:32 घंटे
13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस 3:57 घंटे
14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट जनसेवा एक्सप्रेस 3:24 घंटे
04521 दिल्ली-सहारनपुर मेमू एक्सप्रेस 1:24 घंटे