सहारनपुर। मौसम परिवर्तन होते ही ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने लगा है। इस कारण लंबी दूरी की ट्रेनों के अलावा विशेष ट्रेनें लेट पहुंच रही हैं। इसके चलते यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा। सबसे खराब स्थिति बिहार जाने वाली ट्रेनों की है।
बुधवार को ट्रेन नंबर 04654 अमृतसर-न्यूजलपाईगुड़ी क्लोन सुपरफास्ट विशेष ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े घंटे सहारनपुर में लेट आई। इसके अलावा 14604 अमृतसर-नरपतगंज सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस सवा दो घंटे की देरी से पहुंची। 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस ने यात्रियों को करीब तीन घंटे का इंतजार कराया। ब्लॉक के चलते 12357 कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस, 14661 बाड़मेर-जम्मूतवी शालीमार एक्सप्रेस निरस्त रही। शालीमार एक्सप्रेस पिछले करीब दो माह से पटरी पर नहीं आई है, जबकि यह ट्रेन दिल्ली जाने वालों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। जम्मूतवी से चलकर सहारनपुर में सुबह 7:05 बजे आती है। ट्रेनों की लेटलतीफी और निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।