सहारनपुर। भीषण गर्मी का असर ऐसा है कि ट्रेनों के एसी कोच में आरक्षण नहीं मिल रहा है। लंबी दूरी से लेकर छोटी दूरी तक की ट्रेनों में आरक्षण फुल हैं। ऐसे में यात्रियों को जनरल कोच में भीषण गर्मी के बीच सफर करना पड़ रहा है।
सहारनपुर स्टेशन से प्रतिदिन अप व डाउन में 152 ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें लंबी दूरी की भी ट्रेनें शामिल हैं। गर्मी के सीजन को देखते हुए रेलवे ने 12 समर स्पेशल ट्रेनें भी संचालित कर रखी हैं, लेकिन यात्रियों की भीड़ का दबाव ऐसा है कि अधिकतर ट्रेनों के एसी कोच फुल हैं। सहारनपुर से बनारस की ओर जाने वाले बेगमपुरा एक्सप्रेस के थर्ड, सेकेंड और फर्स्ट एसी में सीटें खाली नहीं हैं। सभी कोच में औसतन 50 वेटिंग चल रही है।
इसी तरह हमसफर एक्सप्रेस में भी जुलाई के मध्य तक एसी कोच में सीट उपलब्ध नहीं है। शालीमार, हिमकुंड, हिमगिरी, सद्भावना एक्स्प्रेस का भी यही हाल है। ट्रेनों में सीट खाली नहीं होने के चलते यात्रियों को जनरल कोच में भीषण गर्मी के बीच सफर करना पड़ रहा है। गर्मी, लू और ऊपर से एसी कोच में वेटिंग ने यात्रियों के सफर का मजा किरकिरा कर दिया है।