सहारनपुर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पाइनवुड स्कूल में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद में मतदेय स्थलों की संवेदनशीलता को जांचने के लिए 22 जोनल एवं 234 सेक्टर अधिकारी नामित किए गए हैं। इसके साथ ही 234 पुलिस सेक्टर अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा सभी नामित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे मतदाताओं या ग्राम को चिह्नित करें, जिन्हें मतदान के समय किसी भी प्रकार का भय है। साथ ही ऐसे व्यक्ति की भी पहचान करें जो इस तरह की परिस्थितियां पैदा कर रहे हों।
उन्होंने चिह्नित व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी विधिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से पालन करें। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उप जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, एसडीएम बेहट, रामपुर, नकुड़, देवबंद, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार आदि मौजूद रहे।