सहारनपुर। टपरी जंक्शन से शामली और शाहदरा के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। उत्तर रेलवे के सीआरएस ने बृहस्पतिवार तीन मार्च को टपरी- शामली- शाहदरा के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाने का अनुमति पत्र जारी किया। इसके बाद शामली से टपरी तक एम कोचिंग रैक इलेक्ट्रिक ट्रेन चला कर इस मार्ग पर ट्रायल लिया गया, जो सफल रहा। अब टपरी-शामली-शाहदरा मार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेन भी 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ेंगी। इस मार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेन चलने से सहारनपुर, शामली, बागपत, गाजियाबाद जिले के यात्रियों का सफर आसान होगा, साथ ही करीब 30 मिनट समय की भी बचत होगी। इन जिलों के यात्रियों के लिए यह बहुत बड़ी सौगात है।
टपरी- शामली- शाहदरा के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन की मांग एक दशक से की जा रही थी, जो शुक्रवार को पूरी हो गई। उत्तर रेलवे करीब तीन साल से इस मार्ग को इलेक्ट्रिक करने में जुटा था। टपरी से शाहदरा तक करीब 151 किलोमीटर रेलवे मार्ग पर पहले शाहदरा से शामली तक विद्युतीकरण कराया गया। डेढ़ साल से शामली से टपरी तक 64 किलोमीटर के मार्ग के विद्युतीकरण का काम चल रहा था, जो जनवरी में पूरा हो गया। गत 25 फरवरी को उत्तर रेलवे के सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) शैलेश कुुमार पाठक ने शामली से टपरी तक विद्युतीकरण का निरीक्षण किया था, तभी माना जा रहा था कि जल्द इस मार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेन दौड़ने लगेगी। बृहस्पतिवार को सीआरएस पाठक ने इस मार्ग पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन का अनुमति पत्र जारी कर दिया। रेलवे ने पत्र मिलते ही इस पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया। रेलवे के पथ निरीक्षक सुनील कुमार धीमान ने बताया कि शुक्रवार को शामली-टपरी के बीच एम कोचिंग रैक इलेक्ट्रिक ट्रेन का ट्रायल कराया गया, जो सफल रहा।
अब वाया शामली को भी दिल्ली जा सकेगी ट्रेन
सहारनपुर। टपरी-शामली- शाहदरा मार्ग का विद्युतीकरण होने पर अब जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों की ट्रेन भी वाया शामली से होकर दिल्ली जा सकेगी। अभी तक सहारनपुर से वाया मेरठ-गाजियाबाद दिल्ली मार्ग पर कोई ब्लॉक या व्यवधान पड़ने पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों को वाया शामली मार्ग से नहीं भेजा जाता था। यदि किसी ट्रेन को इस मार्ग से भेजना पड़ता था तो पहले इलेक्ट्रिक पॉवर बदल कर डीजल का इंजन मंगवा कर लगाना पड़ता था। अब ऐसी स्थिति में ट्रेनों को वाया शामली से दिल्ली भेजना आसान हो गया है।
अभी छह ट्रेन ही चल रही मार्ग पर
सहारनपुर। टपरी-शामली- शाहदरा मार्ग पर अभी केवल छह ही ट्रेनों का संचालन हो रहा है। जिनमें दिल्ली- सहारनपुर- शामली स्पेशल, दिल्ली एक्सप्रेस स्पेशल, उदयपुर सिटी स्पेशल डाउन में, योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल, सहारनपुर एक्सप्रेस स्पेशल और सहारनपुर एक्सप्रेस ट्रेन अप में शामिल है। बाकी ट्रेन कोरोना संक्रमण के कारण बीते दो साल से बंद है। टपरी जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक जेएस कालरा ने बताया कि शामली- शाहदरा मार्ग पर चलने वाली छह ट्रेन अभी तक डीजल इंजन से चल रही थी, जिन्हें अब इलेक्ट्रिक इंजन से चलाया जाएगा।