सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में आया पानी का तेज बहाव। संवाद
शांकभरी। शिवालिक पहाड़ियों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद सिद्धपीठ श्री शांकभरी देवी की खोल (नदी) में अचानक पानी आने से श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकनी पड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं को भूरादेव पर ही रोक दिया, जबकि मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया गया।
शनिवार को आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी के अवसर पर दोपहर के समय शिवालिक पहाड़ियों और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही थी। दोपहर करीब दो बजे पहाड़ी क्षेत्रों से बाढ़ आने का अलर्ट मिलने पर शाकंभरी चौकी प्रभारी रामकुमार गौतम ने पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में सायरन बजाकर मुनादी कराई और श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की। इसके बाद मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं को भूरादेव पर ही रोक दिया गया। करीब तीन बजे शाकंभरी खोल में तेज बहाव के साथ पानी आ गया, जिससे मंदिर तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। उस समय सिद्धपीठ में श्रद्धालु मंदिर परिसर में दर्शन कर रहे थे, जबकि अनेक श्रद्धालु भूरादेव पर ही रुके हुए थे। नदी में तेज बहाव के कारण दोनों ओर श्रद्धालु जहां थे वहीं रुक गए।
देर शाम तक भी नदी का जलस्तर कम नहीं हुआ था। पुलिस और मंदिर प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। श्रद्धालुओं को भी भूरादेव पर रोका गया था। इनमें से कुछ तो शाम होने के चलते वापस लौट गए थे। जबकि बाकी मां के दर्शनों के लिए पानी कम होने का इंतजार करते रहे।