सहारनपुर। जिले में तैनात रहे दरोगा के बेटे से लाखों रुपये और जेवरात ठग लिए गए। रुपयों का तकादा करने पर धमकी दी गई। दरोगा की पत्नी ने एक नामजद आरोपी सहित चार-पांच अज्ञात के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला सुंदर विहार निवासी आशा ने बताया कि पति अरविंद कुमार पुलिस में दरोगा है। जून में उनका तबादला शामली हो गया। उनका बेटा आशीष बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। बेटा क्षेत्र में ही जिम करने जाता था, वहां पर बेटे की आरोपी अभिषेक कुमार निवासी गांव नवादा भजडू कोतवाली रामपुर मनिहारान से जान पहचान हो गई। आरोपी उनके घर भी आने जाने लगा।
आरोप है कि आरोपी ने दरोगा के बेटे को जिम में सप्लीमेंट के सामान की बिक्री का कारोबार करने का झांसा दिया। इसके साथ ही सरकारी नौकरी लगवाने और प्लाट दिलाकर मुनाफा कमाने की बात कही। आरोप है कि बेटे से आरोपी ने 10 लाख रुपये मंगवा लिए, जो उनके पति ने लोन पर लिए थे। घर में रखी तीन से चार लाख की नगदी और जेवरात भी ले लिए। आरोपी को जब पता चला कि उसके पति का यहां से स्थानांतरण हो गया है तो पांच अगस्त को आरोपी अपने चार से चार पांच अज्ञात साथियों के साथ उनके घर आया।
आरोपी 12 लाख रुपये अलग-अलग तारीखों में लौटाने की बात कही, लेकिन रुपये नहीं लौटाए। रुपये मांगने पर आरोपी से धमकी भी दी। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली सदर बाजार में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।