सहारनपुर। कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में आज जनपद के 79 बूथों पर टीकाकरण होगा। इन बूथों पर कुल 26 हजार 540 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रामपुर मनिहारान, देवबंद, सरसावा और साढ़ौली कदीम में कलस्टर अभियान चलेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि टीकाकरण देहात की सभी सीएचसी, पीएचसी और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर होगा। 18 से 44 आयु वर्ग तथा 45 व उससे अधिक आयु वर्ग के लिए अलग-अलग केंद्र हैं। कुछ केंद्र ऐसे हैं, जहां दोनों आयु वर्ग को टीका लगेगा। इसके अलावा पहली और दूसरी खुराक के लिए भी केंद्रों को अलग-अलग किया गया है। सहारनपुर शहर में जिला चिकित्सालय, नेहरू मार्किट, बाजोरिया इंटर कॉलेज, आशा मॉडर्न स्कूल, जिला महिला अस्पताल, अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आवास विकास, माहीपुरा, अशोक विहार, हलालपुर, पुलिस लाइन, जनमंच तथा रेलवे अस्पताल में टीकाकरण होगा। महिला स्पेशल कोविड वैक्सीनेशन केंद्र एसएएम इंटर कॉलेज तथा राधा स्वामी सत्संग भवन पिलखनी को बनाया गया है।
6751 लोगों ने लगवाया टीका
सहारनपुर। टीकाकरण अभियान में बुधवार को जनपद में 11700 लोगों के सापेक्ष 6751 ने टीका लगवाया। पहली खुराक के लिए 10300 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिनके सापेक्ष 3887 लोग टीका लगवाने पहुंचे। दूसरी खुराक के लिए 1400 का लक्ष्य था, जिनके सापेक्ष 2864 लोग टीका लगवाने पहुंचे।