सहारनपुर में साथियों संग मजदूर करने के लिए गाजियाबाद जा रहे मजदूर की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग निकला। मजदूर की मौत के बाद उसकी विधवा मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
नकुड़ क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी शिव कुमार (38) पुत्र ज्योतिराम कई महीने से अपने गांव के ही साथियों के साथ गाजियाबाद में सड़क निर्माण में मजदूरी का काम कर रहा था। कई दिन से वह घर आया हुआ था।
मंगलवार को वह अपने साथियों के साथ गाजियाबाद के लिए निकला था। वह बस से उतरने के बाद अंबाला बस स्टैंड की बराबर से निकलने वाले रास्ते से रेलवे स्टेशन जा रहा था।
इसी दौरान तेज गति से पीछे से आए ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथी आनन-फानन में उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले जाने लगे, मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली सदर बाजार प्रभारी सुशील दुबे मौके पर पहुंचे। शिव कुमार के साथ उसका भतीजा रोहित, संजीव, संदीप, कुलदीप और प्रमोद आदि भी थे, जिन्होंने मौत के बाद गांव में फोन से सूचना दी।
जिला अस्पताल में शव लेने के लिए ग्रामीण पहुंचे थे। ग्रामीणों ने बताया कि शिव कुमार का एक बड़ा भाई है, जो अपने बच्चों के साथ अलग रहता है। शिव कुमार की शादी हुई थी, मगर किन्हीं कारणों से पत्नी से अलग हो गए। ऐसे में शिव कुमार अपनी विधवा मां के साथ रहता था। शिव कुमार की मौत के बाद विधवा मां के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है।