समय से लगी कतार, टीकाकरण शुरू हुआ नौ बजे के बाद
सहारनपुर। कोरोना टीकाकरण के लिए सुबह नौ बजे का समय निर्धारित था। लेकिन तमाम व्यवस्थाएं बनाने की वजह से टीकाकरण दस बजे के बाद शुरू हो सका। टीकाकरण से पहले प्रधानमंत्री के भाषण के प्रसारण की व्यवस्था भी केंद्रों पर एलईडी टीवी लगाकर की गई थी। ऐसे में इसकी वजह से भी टीकाकरण थोड़ा विलंब से शुरू हुआ। टीकाकरण स्थलों की समय दर समय गतिविधियां।
सुबह 08 बजे -
टीकाकरण की तैैयारी एक दिन पहले से थी। इसके बावजूद केंद्रों पर नोडल अधिकारी और टीमें सुबह आठ बजे पहुंच गई थी। एसबीडी जिला अस्पताल की एमआरआई बिल्डिंग में टीकाकरण किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पांडेय अपनी टीम के साथ सुबह आठ बजे से तैयारियों में जुटे थे। जिला महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज और अन्य दोनों सीएचसी पर भी विभागीय अधिकारी जुटे नजर आए।
---
सुबह 09 बजे -
प्रशासन के निर्देशों पर सभी केंद्रों पर सुबह नौ बजे तक व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई थी। उद्घाटन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण की वजह से टीकाकरण सुबह दस बजे के बाद ही शुरू हो पाया।
-- सुबह 10 बजे -
डीएम अखिलेश सिंह ने एसबीडी जिला अस्पताल के एमआरआई बिल्डिंग पहुंचकर रिबन काटकर टीकाकरण की शुरूआत की। यहां से वह सीधे जिला महिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने करीब 10:10 बजे टीकाकरण शुरू कराया।
--शाम 05 बजे -
टीकाकरण के लिए सुबह नौ से शाम पांच बजे समय निर्धारित था। ऐसे में एसबीडी जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित सभी पांच केंद्रों पर पांच बजे टीकाकरण बंद कर दिया गया।
-------
-------
इन्हें लगा पहला टीका
--जनपद और जिला महिला अस्पताल में बने बूथ का पहला टीका सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी को लगा। वह टीकाकरण को लेकर उत्साहित नजर आए। उन्होंने टीके को पूरी तरह सुरक्षित बताया। कतार में शामिल अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया।
--राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहला टीका प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मार्तोलिया को लगाया गया। आधा घंटे की निगरानी में उन्हें कोई समस्या नहीं हुई। उन्होंने कहा कि टीका आने के बाद कोरोना से लड़ाई में विभाग मजबूत हुआ है।
--गंगोह सीएचसी पर पहला टीका डॉ. विश्वजीत सैनी को लगाया गया। उन्होंने बताया कि टीका लगने के बाद भी वह नॉर्मल हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण राष्ट्रहित और सभी की सुरक्षा का अभियान है।
--एसबीडी जिला अस्पताल में पहला टीका आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दीपमाला को लगाया गया। वह बेहट रोड पर चौधरी विहार से आती हैं। टीका लगने के बाद उनके चेहरे पर किसी तरह की सिकन नहीं थी।
--सीएचसी सरसावा में पहला टीका आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सविता रानी को लगाया गया। उन्होंने बताया कि टीकाकरण का हिस्सा बनकर उन्हें बेहद खुशी हुई है। उनका कहना है कि वह अन्य को भी प्रेरित करेंगी।
--------
संक्रमण से उबरे लोग बेहद खुश
--एसबीडी जिला अस्पताल के वरिष्ठ सहायक देव कुमार कोरोना पॉजिटिव आए थे। शनिवार को उनको भी टीका लगाया गया। टीका लगने के बाद उन्होंने खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कोरोना होने के बाद वह डर गए थे, मगर अब उम्मीद है कि कोरोना और लोगों को नहीं डराएगा
--एसबीडी जिला अस्पताल के कनिष्ठ सहायक शशि कुमार सैनी भी कोरोना वैक्सीन आने के बाद खुशी महसूस कर रहे हैं। शशि ने बताया कि कोरोना में उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। मगर उम्मीद है कि अब किसी के साथ ऐसा नहीं होगा।