नकुड़ / चिलकाना (सहारनपुर)। फंदपुरी-खेड़ा अफगान मार्ग पर हुई दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे दोनों के चालकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक मामूली चोटिल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दूसरी तरफ चिलकाना में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की सड़क पर सिर लगने से मौत हो गई।
शनिवार को दोपहर दो बजे गंगोह के गांव सुखेड़ी निवासी 24 वर्षीय अंकुर पुत्र नानक चंद अपने दोस्त राहुल के साथ सहारनपुर से नई बुलेट लेकर अपने गांव जा रहा था। जैसे ही वह फंदपुरी-खेड़ा अफगान मार्ग पर गांव मोहिद्दीनपुर के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इससे दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और अंकुर तथा दूसरी बाइक सवार गांव नागल माफी निवासी 25 वर्षीय विनोद पुत्र रामपाल गंभीर घायल हो गए। जबकि राहुल मामूली चोटिल हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा। वहां के चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित किया। कोतवाल ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
उधर, चिलकाना में शनिवार दोपहर बाद करीब ढाई बजे सुल्तानपुर के मोहल्ला कोठीवाला निवासी युवक जैकी 21 पुत्र सुभाष अपने एक मित्र के साथ गांव चको से शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस आ रहा था। गांव धोलाहेड़ी में ट्रक ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठा जैकी ट्रक की चपेट में आ गया। जैकी का सिर सड़क पर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पठेड़ पुलिस ने जैकी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रक को थाने ले आई।
बहन की शादी में देने के लिए ला रहे थे नई बुलेट
नकुड़। शनिवार को दोपहर के समय बुलेट मोटर साइकिल पर सवार होकर अंकुर और राहुल सहारनपुर से अपने गांव जा रहे थे। बुलेट मोटर साइकिल राहुल ने अपनी बहन की शादी में देने के लिए खरीदी थी। उसकी बहन की शादी 25 नवंबर की है। हादसे से शादी की खुशियां भी फीकी हो गई है।