सहारनपुर के अंबेहटा में मंगलवार की रात एक बेकाबू डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन शव को अपने साथ ले गए।
मंगलवार की रात करीब आठ बजे धलापड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय युवक उस्मान पुत्र सुलेमान अपने साथी नानौता थाना क्षेत्र के गांव जोगीपुरा निवासी इमरान के साथ बाइक से बाइखेड़ी गांव जा रहा था।
जैसे ही दोनाें अंबेहटा गंगोह मार्ग स्थित गांव रामसहायवाला के पास पहुुंचे तो सामने से आ रहे डीसीएम ने उनकी बाइक को टककर मार दी। दोनों गंभीर घायल हो गए।
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही लोग घायलों को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उस्मान को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना कार्रवाई उस्मान के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया।
एसओ सुशील सैनी का कहना है कि इस मामले में अभी तक तहरीर नहीं आई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीसीएम और बाइक को कब्जे में ले लिया है। डीसीएम चालक फरार है।
कुलसत गांव में बुधवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। कुलसत निवासी सईद (50) गांव में ही किसान अरविंद त्यागी के यहां नौकरी करता था।
बुधवार को सईद खेत में खड़े पेड़ पर चढ़कर लकड़ियां काट रहा था। इसी दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह करंट से बुरी तरह झुलस गया, जिससे सईद की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। इसी दौरान परिजन भी वहां आ गए। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। सईद की मौत से कुलसत गांव में गम का माहौल है।
गांव शुक्रताल में मिट्टी से भरी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबने से ट्रैक्टर चालक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। नकुड़ कोतवाली के गांव शुक्रताल निवासी करीब 52 वर्षीय सुभाष पुत्र अतरसिंह मंगलवार शाम अपने खेत से ट्रैक्टर-ट्राली में मिट्टी भरकर घर ले जा रहा था।
खेत कुछ दूर ट्रैक्टर का पहिया गड्ढे में गिरने की वजह से ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके नीचे दबने से किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।