सहारनपुर। सहायक नगर आयुक्त व प्रभारी कार्मिक जेपी यादव ने टैक्स विभाग के तीन कर संग्रहकर्ताओं को गृहकर-जलकर वसूली में लापरवाही व कार्य में शिथिलता बरतने पर निलंबित किया है। खास बात यह है कि एक कर संग्रहकर्ता 15 महीने से अनुपस्थित चल रहा था, जिस पर नगर निगम की नींद अब टूटी है।
विभागीय रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। वार्ड 44, 69 व 70 का कर संग्रहकर्ता शमशाद करीब सवा साल से अनुपस्थित है। अनुपस्थिति के कारण उनसे संबंधित वार्डों में वसूली का कार्य न के बराबर है। कर संग्रहकर्ता के अनुपस्थित रहने को उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1956 के विपरीत होने पर निलंबित किया गया है। उसके विरुद्ध विभागीय/अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भी लिखा गया है।
निलंबित कर्मचारी को निलंबन अवधि में महाप्रबंधक जल के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। प्रकरण में निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डाॅ. संदीप मिश्रा को जांच अधिकारी नामित किया है। इसके अलावा दो अन्य कर संग्रहकर्ताओं को भी गृहकर व जलकर वसूली में लचर व खराब प्रगति के कारण निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध भी विभागीय/अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।