फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के विकास के लिए तीन साइट चिह्नित

Wed, 25 Nov 2015 12:38 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना के तहत पहले चरण में विकसित किए जाने वाले देश के 20 शहरों में शामिल होने के लिए सहारनपुर जद्दोजहद में लगा है। इसी कड़ी में नगर निगम ने शहर के विकास का खाका भी तैयार किया है, जिसमें शहर को तीन साइट में बांटकर विकास करने की योजना है। सर्वे के लिए पहुंची कंसलटेंसी एजेंसी की टीम भी उसी के आधार पर अपना काम कर रही है।
विज्ञापन


योजना के तहत शहरों का विकास क्षेत्रवार किया जाना है, जिसके लिए क्षेत्रफल निर्धारित किए गए हैं। इनमें 50 एकड़ से 500 एकड़ तक के क्षेत्र चिह्नित कर विकसित किए जाने हैं। नगर निगम ने शहर के विकास का जो खाका तैयार किया है। उसमें शहर की तीन साइट्स को चिह्नित किया है, जिसके लिए सेटेलाइट से ली गई तस्वीरों का सहारा लिया गया है। साइट-वन में आईटीसी रोड और रेलवे कॉलोनी का मध्य क्षेत्र, पांवधोई नदी का पूर्वी क्षेत्र जो अंबाला-देहरादून रोड के साथ लगा है तथा अंबाला रोड का पश्चिमी क्षेत्र शामिल है।

पुनर्विकास में शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) द्वारा नागरिकों के साथ परामर्श से 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र का पता लगाने की कल्पना की गई है। इसके अलावा साइट-वन के ज्यादातर क्षेत्र में रीट्रोफिटिंग यानी पुनर्संयोजन किया जाएगा। साइट-टू में अंबाला-देहरादून रोड के साथ लगा उत्तरी क्षेत्र, पुरानी एमसी बाउंड्री का उत्तरी-पश्चिमी क्षेत्र तथा पांवधोई नदी का पूर्वी क्षेत्र शामिल है। इस साइट में भी ज्यादातर क्षेत्र को रीट्रोफिटिंग किया जाएगा। रीट्रोफिटिंग का मतलब वर्तमान निर्मित क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए अन्य उद्देश्यों के साथ-साथ योजना को शुरू किया जाएगा, जिससे वर्तमान क्षेत्र को अधिक सक्षम और रहने योग्य बनाया जा सके।
विज्ञापन


रीट्रोफिटिंग में नागरिकों के सुझाव से 500 एकड़ से अधिक क्षेत्र को चिह्नित किया जाएगा। चिह्नित क्षेत्र में अवसंरचनात्मक सेवाओं के वर्तमान स्तर और निवासियों के विजन के आधार पर शहर को स्मार्ट बनाने के लिए शहर कार्यनीति तैयार करेंगे। इस मॉडल में वर्तमान ढांचे अधिकतर यथावत बने रहेंगे। साइट-थ्री में ढमोला नदी के पूर्व, पांवधोई नदी के उत्तर-पश्चिमी तथा पुरानी एमसी बाउंड्री के उत्तरी क्षेत्र को लिया गया है। इसके कुछ हिस्से को पुनर्विकसित किया जाएगा। पहली दोनों साइट से अलग इसमें यह है कि ग्रीन स्पेस यानी हरियाली के लिए बड़ा क्षेत्र चिह्नित किया गया है। इसके अलावा बाकी क्षेत्र का रीट्रोफिटिंग किया जाएगा।

सहारनपुर को पछाड़ इलाहाबाद आगे निकला
ऑनलाइन सुझाव देने के मामले में सहारनपुर करीब 20 दिन पहले सभी 98 शहरों में नौवें स्थान पर था। प्रदेश में सहारनपुर का पहला स्थान था, मगर अब इलाहाबाद, झांसी और अलीगढ़ सहारनपुर को पछाड़कर क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जो चिंता की बात है। चूंकि पहले 20 शहरों के चयन में कुल 100 में से 15 नंबर सुझावों के आधार पर दिए जाने हैं।

ऐसे में यदि सहारनपुर सुझावों के मामले में पिछड़ता है तो इसके लिए नागरिक सबसे अधिक जिम्मेदार माने जाएंगे। मंगलवार की शाम तक सहारनपुर ने ऑनलाइन करीब 44 हजार सुझाव प्राप्त कर लिए थे, जो नाकाफी हैं। अब भी ऑनलाइन सुझाव देने के लिए जनता के पास छह दिन यानी 30 नवंबर तक का समय है। ऐेसे में लोग ऑनलाइन अधिक से अधिक सुझाव देकर या वोटिंग कर शहर को पहले 20 शहरों में शामिल कराने में अपना योगदान दे सकते हैं। सुझाव देने के इच्छुक अपने मोबाइल सेट या फिर नगर निगम में बने स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुंचकर यह काम कर सकते हैं। ऑनलाइन के अलावा सहारनपुर को करीब 35 हजार सुझाव लिखित में भी प्राप्त हुए हैं। मंगलवार को घंटाघर चौक पर भी कैंप लगाकर जनता से सुझाव लिए गए।

कंसलटेंसी एजेंसी का सर्वे जारी
योजना के तहत कंसलटेंसी एजेंसी के अधिकारी कई दिन से शहर का सर्वे करने में लगे हैं। वह तैयार किए गए शहर के विकास के प्लान के अनुरूप ही अपना काम कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने अंबाला रोड से सटी कॉलोनियों में मकानों के चिन्हीकरण का काम शुरू किया हुआ है। अब तक वह सैकड़ों मकानों को चिह्नित कर चुके हैं। मंगलवार को भी टीम ने खलासी लाइन और शारदानगर क्षेत्र में जाकर मकानों केेे चिन्हीकरण करने का काम किया।

नगर निगम की टीम सहारनपुर को टॉप-20 में शामिल कराने के लिए अपने स्तर से पूरे प्रयास कर रही है। मगर शहर की जनता से अभी तक उतना सहयोग नहीं मिला है, जितना मिलना चाहिए था। यदि सहारनपुर पहले 20 शहरों में नहीं आ सका तो यह सभी शहरवासियों की विफलता होगी। अब भी करीब पांच दिन का समय है, जिसमें लोग अधिक से अधिक सुझाव दे सकते हैं।
विज्ञापन

डॉ. नीरज शुक्ला, नगरायुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें