सहारनपुर। भाजपा का झंडा लगी कार से आरोपी का मेडिकल कराने के मामले में दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्राथमिक जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। अभी जांच चल रही है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। नकुड़ के गांव तिरपड़ी निवासी ईश्वर चंद की शिकायत पर 25 जुलाई को एंटी करप्शन की टीम ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से स्टेनो (आशु लिपिक) अजय कुमार पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। उसी दिन एंटी करप्शन ने कार्रवाई कर आरोपी थाना सदर बाजार को सौंप दिया था। अगले दिन पुलिस आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए अस्पताल पहुंची थी, जिसमें भाजपा का झंडा लगी कार का इस्तेमाल किया था। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने जांच अधिकारी सीओ द्वितीय शैलेंद्र प्रताप गौतम को नामित किया था। वह मामले की जांच कर रहे हैं।
प्राथमिक जांच में दरोगा और दो सिपाही दोषी पाए गए। इसके बाद थाना सदर बाजार दरोगा श्रीपाल नागर, सिपाही शांतनु एक अन्य सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही इन तीनों के खिलाफ अभी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी जाएगी।
वहां से दरोगा व सिपाहियों पर आगे की कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। उधर, सीओ द्वितीय शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि मामले में अभी जांच चल रही है। फिलहाल दरोगा व दो सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है।