सहारनपुर में तीन माह के बच्चे ने कोरोना को मात दी है। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद परिवार के साथ ही चिकित्सा विभाग और प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।
पेपर मिल रोड निवासी एक परिवार दिल्ली से लौटा था। बाहर से आने की वजह से चिकित्सा विभाग ने सभी को क्वारंटीन किया था, साथ ही सैंपलिंग की गई थी। जांच में पिता और दो बेटे सात वर्षीय और तीन माह पॉजिटिव पाए गए थे।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से परिवार टेंशन में जी रहा था। तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में बने कोविड-19 सेंटर में रखा गया था। सोमवार को जिन छह मरीजों की छुट्टी चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने की। उनमें तीनों पिता और पुत्र भी शामिल हैं। तीन माह के बच्चे द्वारा कोरोना को हराने से खुशी की लहर है।
कैंसर रोगी और 86 वर्षीय बुजुर्ग हो चुका ठीक
करीब 15 दिन पहले सहारनपुर में एक 86 वर्षीय बुजुर्ग भी कोरोना को हरा चुका है। उक्त बुजुर्ग जमाती था, जिसे भी पॉजिटिव आने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 में रखा गया था। इनकी रिपोर्ट भी नेगेटिव आने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। इनके अलावा एक कैंसर पीड़ित महिला भी सहारनपुर में कोरोना से पार पा चुकी है। इनकी रिपोर्ट भी करीब 20 दिन पहले नेेगेटिव आई थी।