सदर पुलिस द्वारा लूट के आरोप में पकड़े गये आरोपी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोर्ट रोड पुल पर रिक्शा से जा रही महिला से बैग लूटने वाले तीन बदमाशों को कोतवाली सदर बाजार पुलिस और क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से महिला से लूटे जेवरात और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मदनपुरी कॉलोनी निवासी जीनत पत्नी अफजल पिछले दिनों कोर्ट रोड पुल से घंटाघर की तरफ रिक्शा में जा रही थी। एक्टिवा स्कूटर सवार तीन बदमाशों ने जीनत का बैग लूट लिया था। बैग में दो सोने की चेन, दो कुंडल और एक मोबाइल फोन था। रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम को लगाया गया। पुलिस ने गांधी पार्क से अंशु पुत्र राजेश, शिवम पुत्र अजय कुमार निवासी मोहल्ला मूंगागढ़ कोतवाली मंडी और हर्षित प्रजापति पुत्र संदीप निवासी हनुमान नगर कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि महिला से लूटे गए सामान को तीनों ने आपस में बांट लिया था और बैग को ढमोला नदी में फेंक दिया था। बरामद एक्टिवा स्कूटी अंशु की है। इसी स्कूटी से वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों के पास दो सोने की चेन, दो कुंडल, मोबाइल फोन, चाकू बरामद हुआ है।