शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार खाई में गिरी, बच्चे की मौत
मिर्जापुर (सहारनपुर)। विवाह समारोह से घर लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में पांच बच्चों और दो महिलाओं सहित नौ लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को खिजराबाद अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
घटना बृहस्पतिवार सुबह छह बजे की है। हरियाणा के साढ़ौरा निवासी कादिर खान और उनके दोस्त वाहिद अपने परिवार की दो महिलाओं तथा पांच बच्चों के साथ बिजनौर में एक विवाह समारोह में शामिल होकर कार द्वारा घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हथनीकुंड चौकी के समीप पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद कार सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों ने हथनीकुंड पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर उन्हें खिजराबाद अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान अब्दुल वाहिद के डेढ़ वर्षीय पुत्र अनवर की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मिर्जापुर कोतवाली प्रभारी हृदय नारायण सिंह ने बताया कि परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।