तीन प्रमुख हाईवे पर रहा भाकियू का कब्जा, चक्का जाम
नागल/गागलहेड़ी/गंगोह/सरसावा/रामपुर मनिहारान/छुटमलपुर/नकुड़/नानौता(सहारनपुर)। कृषि कानूनों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने तीनों प्रमुख हाईवे पर धरना प्रदर्शन करके चक्का जाम कर दिया। अंबाला-देहरादून हाईवे, मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर करीब चार घंटे तक किसानों का धरना चला। किसानों के अन्य संगठनों ने भी प्रदर्शन किए।
नागल में मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. विनय कुमार के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी करके जाम लगाया। डीएम अखिलेश सिंह एवं एसएसपी डा. एस चनप्पा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दोपहर तीन बजे किसानों ने एसडीएम देवबंद राकेश कुमार एवं अग्निशमन सीओ तेजवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर चक्का जाम खत्म किया। चौ. विनय कुमार ने कहा कि सरकार बिना किसी बहानेबाजी के कृषि कानूनों को वापस ले। यहां बहुजन क्रांति मोर्चा कार्यकर्ताओं ने भी जिला संयोजक मोहकम सिंह की अगुवाई में किसानों के समर्थन में धरना दिया।
गागलहेड़ी में भाकियू जिलाध्यक्ष चौ. चरण सिंह की अगुवाई में ज्योतिबा फुले तिराहे पर ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क के बीच खड़ी कर दी और जाम लगा दिया। चौ. चरण सिंह ने कहा कि एमएसपी पर सरकार कानून बनाए। पराली जलाने पर दर्ज मुकदमे और बिजली तथा डीजल की बढ़ी दरें वापस ली जाएं। यहां एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह और सीओ सैयद अली अब्बास को ज्ञापन सौंपकर जाम खोला गया।
सरसावा के शाहजहांपुर में भाकियू ने हाईवे पर करीब साढे़ तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन कर चक्का जाम किया। जिला महामंत्री अशोक चौधरी, युवा प्रदेश महासचिव मेवाराम चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष सरदार भूपेंद्र सिंह, देवेंद्र चौधरी, असलम चौधरी, सरदार हरि सिंह, सरदार सुरेंद्र सिंह, बबलू चौधरी आदि ने केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। इसके बाद अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर जाम खोला गया।
रामपुर मनिहारान में भाकियू के मंडल महासचिव चौ. जगपाल के नेतृत्व में हाईवे पर ट्रैक्टरों ट्राली मार्ग के बीचोंबीच खड़ी करके चक्का जाम कर धरना दिया गया। चौ. जगपाल ने कहा कि केंद्र सरकार तीनों नए कृषि कानूनों को बिना शर्त वापस ले। मौके पर पहुंचे एसडीएम देवेंद्र पांडेय को ज्ञापन सौंपा। ब्लाक अध्यक्ष शेरपाल सिंह, प्रदीप कुमार, सेवा राम आदि मौजूद रहे।
गंगोह में नानौता बस स्टैंड चौक पर किसानों ने चारों तरफ ट्रैक्टर खड़े करके जाम लगा दिया तथा दरी बिछाकर बीच सड़क पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक किसानों ने जाम लगाए रखा। इस दौरान वाहनों की लाइन लगी रही। तहसीलदार देवेंद्र सिंह व कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा को ज्ञापन सौंपा। सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य सलीम अख्तर भी किसानों के समर्थन में पहुंचे। सरदार हरपाल सिंह, जोगेंद्र सिंह, सदाकत, बलबीर सिंह, कौसर, अशोक प्रधान मौजूद रहे। भाकियू कार्यकर्ताओं ने तहसील अध्यक्ष चौ. देशपाल सिंह के नेतृत्व में दौलतपुर स्थित यमुना पुल पर चक्का जाम किया और तहसीलदार व कोतवाली प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। अरविंद चौधरी, सपा के जिला मंत्री मसरूर राणा, सुलेखचंद फौजदार, सलीम, कय्यूम, मलकीत सिंह, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
छुटमलपुर में भाकियू (तोमर) के मंडल प्रभारी अजय पुंडीर के नेतृत्व में किसानों ने नारेबाजी कर कैंप कार्यालय पर थानाध्यक्ष मनोज चौधरी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला महासचिव संजय कांबोज प्रधान, नगर अध्यक्ष सलीम अहमद, दिनेश शर्मा, शहजाद उर्फ पप्पू, सुशील कांबोज, विजय उर्फ जॉनी, समीर अंसारी, अमरीश, शफीक अंसारी आदि मौजूद रहे।
नकुड़ में पूर्वाह्न साढ़े ग्यारह बजे भाकियू क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. विक्रम सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड पर तीन घंटे तक जाम लगाकर धरना-प्रदर्शन किया गया। उधर, बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ किसानों को समर्थन देने के लिए घर से निकल रहे पालिका चेयरमैन शाहनवाज खान को पुलिस ने उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। जबकि रालोद कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय के गेट पर नारेबाजी कर तहसीलदार को मांगपत्र सौंपा। इस दौरान ठाकुर जगत सिंह, अहसान अंसारी, सलमान कस्सार, राव वाजिद, रामपाल सिंह, कुलबीर, दिलशाद, फारूख़ प्रधान आदि मौजूद रहे।
नानौता के गांव लंढौरा के चौराहे पर भाकियू से जुड़े किसानों ने नानौता-गंगोह राजमार्ग पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा धरना-प्रदर्शन किया। सुभाष चौधरी, पूर्व प्रधान चन्द्रपाल सिंह, सतपाल सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, अनिल चौधरी, योगेश सालियर ने कहा कि कृषि कानून को निरस्त कराना ही उनका मकसद है। इसके अलावा कसबे के संजय चौक पर भारतीय किसान संगठन के जिलाध्यक्ष ठाकुर अजब सिंह, ठाकुर मुल्की सिंह ने बसपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष नरेन्द्र ओलरी, राव मौसम अली, उपाध्यक्ष मोंटू राणा, राव जाबिर अली बीडीसी, पिंकू चौधरी, चौ. बलकार सिंह आदि के साथ सड़क पर बैठ कर धरना प्रदर्शन कर एक घंटा तक जाम लगाया। एसडीएम रामपुर मनिहारान देवेन्द्र पांडेय ने मौके पर पहुंच समझा बुझा कर जाम खुलवाया।
सरसावा में सड़क पर जाम लगा धरना देते किसान- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान देहली हाइवे रोड शहरी पुल पर धरना देते किसान।- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह में यमुना नदी पुल पर प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR
गागलहेड़ी में हाईवे पर सड़क पर धरना देते भाकियू कार्यकर्ता- फोटो : SAHARANPUR