मांस और कटान के उपकरण सहित तीन दबोचे
शुक्रवार की रात में पुलिस ने क्षेत्र के गांव नोजली के जंगल से मांस, काटने के उपकरण, तमंचे समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया । जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गोवध अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेजा।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात में करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली नोजली के जंगल में गांव के कब्रिस्तान के निकट कुछ लोग गोवंश काट रहे हैं । सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 100 किलो मांस, कुल्हाड़ी, चाकू व 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। पुलिस हिरासत में तीनों ने अपने नाम शमशेर पुत्र सगीर, सैयाद पुत्र शब्बीर, गुलफाम पुत्र शाहनवाज गांव नोजली थाना नागल बताया। पुलिस ने पशु चिकित्सक राकेश शर्मा को मौके पर बुलाकर मांस का परीक्षण कराया। चिकित्सक ने प्रथम दृष्टया गोमांस होने की पुष्टि कर मांस का नमूना जांच के लिए लैब को भेजा।
इसके साथ ही पुलिस ने एक युवक को डोडा पोस्त में गिरफ्तार कर जेल भेजा। एसआई साजिद अली ने बताया वह शुक्रवार की रात में बसेड़ा-पहाड़पुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। तभी रेलवे अंडर पास के नीचे एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया, पुलिस ने उसे हिरासत में ले तलाशी ली। उसके पास से डेढ़ किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। युवक ने अपना नाम मुकेश पुत्र सुखबीर गांव बसेड़ा थाना नागल बताया। उसे जेल भेजा।