सहारनपुर। कोतवाली मंडी और सदर बाजार पुलिस ने बावरिया गिरोह के तीन ऐसे सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो सोना दोगुना और नोटोें की गड्डी थमाकर आभूषण उतरवा लेते थे। गड्डियों में ऊपर और नीचे एक-एक नोट ही असली होते है, जबकि बीच में सभी रद्दी नोट होते हैं। आरोपियों ने दो महीने पहले दिल्ली में टप्पेबाजी की योजना बनाई थी। उनके पास से 2.50 लाख रुपये की नकदी, एक ऑल्टो कार व दो चाकू बरामद हुए।
शनिवार को पुलिस लाइन में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि थाना जनकपुरी क्षेत्र में बाजोरिया रोड निवासी रेखा शर्मा ने 12 फरवरी को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि वह अपनी जेठानी के साथ बाजार में खरीदारी के लिए जा रही थी। ई-रिक्शा में उनके पास बैठी एक अज्ञात महिला ने बातचीत के दौरान उन्हें बातों में फंसा लिया। रास्ते में टप्पेबाजी कर सोना दोगुना करने का झांसा देकर उनके आभूषण उतरवा लिए गए थे। इस मामले में कोतवाली मंडी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली मंडी व थाना सदर बाजार पुलिस ने बेहट अड्डे के पास से किरण निवासी बायड जिला अरवल्ली गुजरात, सुमित कुमार और आरती निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली को गिरफ्तार किया है। एक अन्य महिला अभी पुलिस पकड़ से दूर है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब दो माह पहले दिल्ली में बैठकर टप्पेबाजी की योजना बनाई थी। इसके बाद सहारनपुर के विभिन्न बाजारों में खरीदारी के लिए आने-जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाया। अब तक शहर में चार घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।